रानीखेत: तीन दिन से लापता महिला का शव कोसी नदी में मिला, परिवार में मचा कोहराम

खबर शेयर करें -

रानीखेत न्यूज़- रानीखेत क्षेत्र में तीन दिन से लापता एक महिला का शव कोसी नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सुनियाकोट गांव निवासी हरीश मेहरा की 43 वर्षीय पत्नी खष्टी देवी चार जून से लापता थीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की तथा रिश्तेदारों के यहां भी पता किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में गंगा किनारे से हटेगा अतिक्रमण, सरकारी भूमि पर कब्जे रोकने की भी तैयारी, सीएम धामी ने दिए ये निर्देश

शनिवार को द्वारसों-काकड़ीघाट रोड स्थित पुल के नीचे कोसी नदी में ग्रामीणों ने एक महिला का शव उतराता हुआ देखा। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार ने शव की पहचान खष्टी देवी के रूप में की। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता हरीश परिहार, गोपाल सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही एसआई फिरोज खान और नायब तहसीलदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।

यह भी पढ़ें -  त्रिवेंद्र रावत का अमर्यादित बयान, पूर्व सीएम हरीश रावत ने दी नसीहत, पढ़ें क्या बोले हरदा

ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह परिहार के अनुसार खष्टी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। उनके पति नैनीताल के एक होटल में नौकरी करते हैं। परिवार में एक पुत्र मालद्वीप में कार्यरत है, जबकि बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है और दो बेटियां अभी पढ़ाई कर रही हैं।

शाम को नागरिक चिकित्सालय में डॉ. गोविंद सिंह माहरा द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद काकड़ीघाट स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल के बीच महिला का अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें -  भारतीय फर्जी दस्तावेजों के साथ विदेशी युवतियां पकड़ीं, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान की निवासी हैं युवतियां

कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999