
उत्तराखंड के रुड़की में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने युवक के स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर गिर पड़ा और मिनी ट्रक का टायर उसके चेहरे के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक के चेहरे के मांस के टुकड़े सड़क पर चिपक गए। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। वहीं, लोगों की भीड़ जुटती देख ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
1. धनौरी जा रहे युवक को मिनी ट्रक ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान दौलतपुर निवासी अनुज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अनुज अपने स्कूटर से धनौरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रुड़की के पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनुज सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का टायर उनके चेहरे के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
2. युवक को संभालने दौड़े लोग, ट्रक छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग युवक की मदद के लिए दौड़े। हालांकि, हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख मिनी ट्रक चालक वाहन को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।
3. पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर खुलवाया जाम
सूचना मिलते ही धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारु कराते हुए जाम खुलवाया।
4. वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश
कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अनुज के रूप में हुई है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। मिनी ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही फरार चालक की तलाश कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


