
हरिद्वार न्यूज- उत्तराखंड के रुड़की में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। मां को अपनी आंखों के सामने खोने के बाद दोनों मासूम बच्चे उसके शव से लिपटकर बिलख-बिलख कर रोने लगे। इस दर्दनाक मंजर के बीच कुछ लोग मदद करने के बजाय हंसते हुए वीडियो बनाते नजर आए। हालांकि, कुछ राहगीरों ने आगे आकर परिवार की मदद भी की।
हादसा हरिद्वार जिले के रुड़की में गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास हाईवे पर हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर महिला का शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को जाम खुलवाने के दौरान लोगों के विरोध और नोकझोंक का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सुचारु कराया।
5 पॉइंट में समझिए पूरा मामला…
1. बिजनौर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बसेड़ा गांव निवासी मोहम्मद मुसाद अपनी पत्नी जावेदा और दो बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। शनिवार को जब परिवार रुड़की के सालियर गांव के पास हाईवे से गुजर रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
2. पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही जावेदा सड़क पर गिर गईं और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पति मोहम्मद मुसाद और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए।
3. मां के शव से लिपटकर रोते रहे बच्चे, वीडियो बनाते रहे लोग
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मां को खोने के बाद दोनों मासूम बच्चे सड़क पर पड़े उनके शव से लिपटकर रोने लगे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हालांकि, इस संवेदनशील मौके पर कुछ लोग मदद करने के बजाय हंसते हुए मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। वहीं, कुछ राहगीरों ने आगे बढ़कर परिवार को संभालने और मदद करने का प्रयास किया।
4. आक्रोशित लोगों ने शव रखकर हाईवे किया जाम
महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
5. पुलिस से हुई नोकझोंक, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और हाईवे पर यातायात सुचारु करवाया। इसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया


