
उत्तराखंड के ऋषिकेश में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई। आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी ही मां को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विस्थापित कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी उषा देवी और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आरोपी बेटे ने अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगते ही उषा देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी बेटा ही अपनी घायल मां को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ पहले घटनास्थल पहुंचे, जहां से खून के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस टीम एम्स पहुंची और घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। महिला को गोली शरीर के किस हिस्से में लगी है, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। साथ ही जिस हथियार से फायरिंग की गई, वह लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और आशंका है कि उसने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है।
फिलहाल एम्स ऋषिकेश में उषा देवी का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मां पर बेटे द्वारा गोली चलाए जाने की इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत के साथ भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।


