
। शिक्षा और बालिका सशक्तिकरण की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक ने एक सराहनीय पहल करते हुए बिंदुखत्ता क्षेत्र की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें भेंट कीं। एसबीआई के सीएसआर फंड के सहयोग से नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने शहीद स्व. गोविंद सिंह पपोला राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुराना बिंदुखत्ता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दसवीं कक्षा में अध्ययनरत बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बन गया। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि बैंक द्वारा बालिकाओं को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र के विकास हेतु किए जा रहे प्रयास वास्तव में अनुकरणीय हैं।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10 की लगभग तीन दर्जन छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे उनके विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
इस मौके पर भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक (हल्द्वानी) राजीव रंजन, सहायक महाप्रबंधक दिव्या त्रिपाठी, लालकुआं शाखा के प्रबंधक मुकेश बमेटा सहित अनेक गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
एसबीआई की यह पहल न केवल बालिकाओं की शिक्षा को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में बैंक की सकारात्मक भूमिका को भी दर्शाती है


