
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में दो साधुओं सेवागिरी और पारसगिरी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी उत्तमगिरी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मंदिर में लगे सात सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ है।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि मृतक साधु कथित तौर पर उत्तमगिरी को ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोप है कि वे उत्तमगिरी और
अखिलगिरी के बीच कथित निजी संबंधों की जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी देकर मंदिर का कब्जा अपने पक्ष में करने का दबाव बना रहे थे। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने पहले दोनों साधुओं को पगड़ी पहनाकर पुजारी बनाया और रात में सोने के दौरान उनकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी उत्तमगिरी की तलाश जारी है। विवेचना जल्द पूरी कर समय पर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा ताकि आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। इस हत्याकांड का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने इनाम देने की भी घोषणा की है


