
चम्पावत जिले के खर्क बगड़ क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। टनकपुर से अपने घर लौट रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पहचान अंबादत खर्कवाल (70) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अंबादत खर्कवाल टनकपुर से अपने गांव खर्क बगड़ पहुंचे ही थे कि तभी गांव के ही निवासी सुभाष चंद्र खर्कवाल (40) ने उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अंबादत खर्कवाल की मौके पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वारदात के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी सुभाष चंद्र खर्कवाल मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


