
उत्तराखंड के बागेश्वर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के दो दिग्गज नेताओं के बीच ऐसा दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एक-दूसरे को माला पहनाने पर अड़ गए। दोनों के बीच कुछ सेकंड तक माला पहनाने को लेकर खींचतान चलती रही। वहीं, मंच पर मौजूद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा यह नजारा देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पाईं।
Video Player
दरअसल, शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बागेश्वर दौरे के दौरान पार्टी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के मंच पर यह दिलचस्प घटनाक्रम हुआ। अब दोनों नेताओं के बीच माला पहनाने की इस नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पहले हरीश रावत ने बढ़ाई माला, फिर यशपाल आर्य ने किया ऐसा
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हाथ में गेंदे की माला लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को पहनाने के लिए आगे बढ़ते हैं। इस पर यशपाल आर्य उन्हें रोकते हुए माला अपने हाथ में ले लेते हैं और हरीश रावत को माला पहनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन हरीश रावत भी हाथ के इशारे से मना करते हुए पहले यशपाल आर्य को माला पहनाने पर जोर देते हैं।
कुछ सेकंड तक दोनों नेता एक-दूसरे को माला पहनाने की जिद पर अड़े रहते हैं। आखिरकार यशपाल आर्य हरीश रावत के गले में माला डाल देते हैं। इसके बाद हरीश रावत दूसरी माला उठाकर यशपाल आर्य को पहना देते हैं। यशपाल आर्य भी झुककर माला स्वीकार करते हैं।
दोनों को देखकर माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराईं सैलजा
मंच पर दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रही इस खींचतान को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी देखती रहीं। वीडियो में वह दोनों नेताओं को एक-दूसरे को माला पहनाने पर जोर देते देखकर माथे पर हाथ रखकर मुस्कुराती नजर आ रही हैं। उनका यह अंदाज भी वीडियो में लोगों का ध्यान खींच रहा है।
2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही हैं। शुक्रवार को उनका बागेश्वर दौरा निर्धारित था।
इस दौरे का उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से संवाद करना और वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देना है। चुनाव से पहले कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं का एक मंच पर इस तरह का दिलचस्प अंदाज अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वीडियो में दोनों के बीच माला पहनाने को लेकर केवल हल्की-फुल्की खींचतान दिखाई दे रही है। इससे किसी राजनीतिक विवाद या आपसी मतभेद की पुष्टि नहीं होती।


