भूत-प्रेत की अफवाह से ललित आर्य कॉलेज में मची अफरा-तफरी, रोती हुई घर लौटी छात्राएं

खबर शेयर करें -
  • परीक्षा के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से फैली दहशत
  • स्कूल प्रशासन ने स्थिति संभालने के बाद कर दी छुट्टी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूनिट टेस्ट के दौरान कुछ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक-दूसरे को देखकर छात्राओं में डर का माहौल बन गया और कई छात्राएं रोते हुए घर जाने लगीं। इसी बीच क्षेत्र में छात्राओं पर कथित भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह फैल गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। स्कूल की प्रवक्ता नीलम ने बताया कि सोमवार को छात्राओं के यूनिट टेस्ट चल रहे थे। इसी दौरान कक्षा 10 और 11 की एक-दो छात्राओं को चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद आसपास मौजूद अन्य छात्राएं भी घबरा गईं।

इसके बाद एक के बाद एक करीब चार-पांच छात्राओं में डर और घबराहट का माहौल बन गया। स्कूल प्रवक्ता नीलम के अनुसार, मामला किसी भूत-प्रेत की बाधा का नहीं था, बल्कि छात्राओं के बीच अचानक पैदा हुई घबराहट के कारण स्थिति बिगड़ी। स्कूल प्रशासन ने मौके की स्थिति को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और छात्राओं को सुरक्षित घर भेजने के लिए स्कूल की छुट्टी कर दी। घटना के बाद भूत-प्रेत की अफवाह ने क्षेत्र में जरूर सनसनी फैला दी, लेकिन स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की तबीयत खराब होने और डर के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बनी थी। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999