
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में घास काटने गई 54 वर्षीय महिला की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। महिला का पैर फिसलने से वह करीब 300 मीटर नीचे पत्थरों पर जा गिरीं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से निकालकर घर पहुंचाया।
मामला पंतशेरा ग्राम पंचायत के मझगांव का है। मृतका की पहचान मझगांव निवासी राधा देवी (54), पत्नी स्वर्गीय जगत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राधा देवी 12 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे मल्ली ओरड़ क्षेत्र में घास काटने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरीं। करीब 300 मीटर नीचे पत्थरों पर गिरने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्ट्रेचर लेकर पहुंची SSB की टीम
हादसे की सूचना दोपहर करीब 2 बजे धर्म सिंह ने SSB को दी। इसके बाद सीमा चौकी सुनखोली के बीओपी कमांडर उप निरीक्षक अजय कुमार को घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने तत्काल स्ट्रेचर के साथ जवानों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना की।
मौके पर पहुंचे SSB के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खाई से शव को बाहर निकालने में मदद की। इलाका दुर्गम होने और रास्ता कठिन होने के कारण शव को गांव तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर शव को सुरक्षित घर पहुंचाया।
सीमांत क्षेत्र में ग्रामीणों की मदद को आगे आई SSB
SSB के अधिकारियों के अनुसार, सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही बल के जवान जरूरत पड़ने पर स्थानीय लोगों की सहायता के लिए भी आगे आते हैं। राधा देवी की मौत के बाद शव को खाई से निकालने और घर तक पहुंचाने में जवानों ने ग्रामीणों का सहयोग किया।
इस हादसे से मृतका के परिवार में शोक का माहौल है


