
खटीमा। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और कथित तौर पर जबरन दवा खिलाकर तीन माह के गर्भ का गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साधुनगर, सितारगंज निवासी रंजू पत्नी जगत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह ग्राम बानूसी निवासी जगत सिंह के साथ हुआ था। विवाह के दौरान उसके मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट भी की गई। रंजू ने पति जगत सिंह के अलावा रामकली पत्नी पूरन सिंह निवासी ग्राम बानूसी, प्रीती राना और गुलशन पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपितों ने उसे जबरन दवा खिलाई, जिसके कारण उसके तीन माह के गर्भ का गर्भपात हो गया। मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने पति समेत चारों आरोपितों के खिलाफ धारा 85, 89, 115(2) बीएनएस तथा दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी


