
हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर फेरूपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में कार चालक विकास कुमार निवासी फेरूपुर, कार में सवार यात्री चरण सिंह निवासी कलियर (रुड़की) तथा ई-रिक्शा चालक आस मुहम्मद निवासी नसीरपुर खुर्द, लक्सर शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


