
देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून में एनडीए की तैयारी कर रहे एक नाबालिग छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से कोचिंग संस्थान और हॉस्टल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के हजारीबाग निवासी आर्यन राज सहस्रधारा क्षेत्र के काला गांव स्थित चाणक्य एकेडमी में एनडीए की तैयारी कर रहा था। वह कोचिंग संस्थान के पास एक हॉस्टल में चार अन्य छात्रों के साथ रहता था।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उसके साथ रहने वाले अन्य छात्र कोचिंग के लिए निकल गए थे, जबकि आर्यन कमरे में अकेला था।
करीब साढ़े आठ बजे एक छात्र ने कमरे में जाकर देखा तो आर्यन पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर साथी छात्र घबरा गए और उन्होंने तुरंत हॉस्टल प्रबंधन व कोचिंग संस्थान के शिक्षकों को सूचना दी।
इसके बाद संस्थान प्रबंधन ने राजपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को नीचे उतारा और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें छात्र फंदा लगाते हुए दिखाई दिया। हालांकि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया और घटना की सूचना परिजनों को दी। शनिवार शाम को परिजनों के देहरादून पहुंचने के बाद रविवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि छात्र के साथियों से पूछताछ की गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पिछले तीन-चार दिनों से छात्र की तबीयत खराब चल रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


