उत्तराखंड… इन IAS अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां मिलने का सिलसिला जारी है। केंद्र सरकार ने 2003 बैच के आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। वहीं पहले से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात सेंथिल पांडियन को भारत सरकार में संयुक्त सचिव, पेयजल विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपॉइंटमेंट्स कमिटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) द्वारा जारी आदेश के अनुसार सचिन कुर्वे की नियुक्ति जॉइंट सेक्रेटरी स्तर के पद पर पांच वर्षों के लिए की गई है। उनकी तैनाती पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी मानी जाएगी। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) के आदेश के मुताबिक उन्हें पे लेवल-14 के तहत नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर सुनील पालीवाल का स्थान लेंगे।

यह भी पढ़ें -  आज रामपुर तिराहा कांड की 31वीं बरसी, शहीद स्मारक पहुंचकर CM Dhami ने दी श्रद्धांजलि

सचिन कुर्वे उत्तराखंड शासन में स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। चारधाम यात्रा के बीच उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद अब राज्य सरकार के सामने नए स्वास्थ्य और उड्डयन सचिव की नियुक्ति बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

इसी क्रम में सेंथिल पांडियन को भी केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में दो वर्ष का विस्तार मिलने के बाद उन्हें पेयजल विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। प्रशासनिक अनुभव और परियोजना प्रबंधन में उनकी दक्षता को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  नई शोध में चौंकाने वाला खुलासा, कोविड से उबर चुके लोगों के सामने ये भयानक बीमारी का खतरा

इन नियुक्तियों के बाद उत्तराखंड शासन में प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई विभागों में नई तैनातियां और जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण हो सकता है। खासतौर पर स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग में नए अधिकारियों की तैनाती पर सबकी नजरें टिकी हैं।

वहीं राज्य सरकार ने कुछ अन्य आईएएस अधिकारियों को भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) दिया है। इनमें सविन बंसल और वंदना के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। यदि उनकी प्रक्रिया पूरी होती है तो आने वाले समय में उत्तराखंड कैडर के और अधिकारी भी केंद्र सरकार में सेवाएं देते नजर आ सकते हैं।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999