
ऊधम सिंह नगर- नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे शक्तिफार्म के तीन परिवारों के पांच सदस्यों की कार सोमवार को पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में कार की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही शक्तिफार्म क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत शक्तिफार्म के शिव मंदिर वार्ड नंबर तीन निवासी तारक मंडल (35) पुत्र निताई मंडल अपने पड़ोसी शेफाली राय (65) पत्नी स्वर्गीय दुलाल राय और देवनगर निवासी रिश्तेदार साधना (35) पत्नी सनातन गाईन, उनके पुत्र शांतनु और पुत्री खुशबू के साथ कार से पूरनपुर क्षेत्र जा रहे थे। सभी एक रिश्तेदार के यहां आयोजित नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे।
यह भी पढ़ें उत्तराखंड- एलपीजी आपूर्ति पर सरकार सख्त, कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी के निर्देश
बताया जा रहा है कि कार तारक मंडल चला रहे थे। पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में सामने से आ रहे डंपर से कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में तारक मंडल, शेफाली राय और साधना की मौत हो गई। वहीं साधना की पुत्री खुशबू गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों और घायलों के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए।
इकलौते बेटे थे तारक मंडल
हादसे में जान गंवाने वाले तारक मंडल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बताया गया कि उनके माता-पिता की करीब डेढ़ वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। तारक मंडल गौ रक्षा दल से भी जुड़े हुए थे। उनकी सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।


