
हल्द्वानी। 35 लाख रुपये की कथित साइबर ठगी से जुड़े मामले में शुक्रवार देर रात हरियाणा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से राजपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
जानकारी के अनुसार हरियाणा में दर्ज एक साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस को कई संदिग्ध बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी मिली थी। तकनीकी जांच, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद जांच का दायरा हल्द्वानी तक पहुंच गया। इसी क्रम में पूर्व छात्रसंघ उप सचिव करन अरोड़ा का नाम भी जांच एजेंसियों के सामने आया।
सूत्रों के मुताबिक जांच में कुछ बैंक खातों में बड़े वित्तीय लेनदेन सामने आए हैं। साथ ही यह जानकारी भी मिली है कि करन अरोड़ा का एक भाई विदेश में रहता है, जिसके कुछ वित्तीय ट्रांजेक्शनों की भी जांच की जा रही है। एजेंसियां उन खातों और लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं जिनके माध्यम से धनराशि के स्थानांतरण की आशंका जताई जा रही है।
शुक्रवार देर रात हरियाणा पुलिस की टीम राजपुरा पहुंची और करन अरोड़ा से पूछताछ के बाद उसे अपने साथ हरियाणा ले गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
क्षेत्राधिकारी अमित सैनी ने बताया कि हरियाणा पुलिस करन अरोड़ा को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना स्थानीय पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस और जांच एजेंसियां अब बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शनों और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच कर रही हैं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है


