
रुड़की: घने कोहरे के कारण पिछले करीब दो माह से रद चल रही लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों को रेलवे होली से पहले दोबारा पटरी पर लाने की तैयारी में है। इससे रुड़की और लक्सर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार एक दिसंबर 2025 से घने कोहरे के चलते कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था। इनमें रुड़की में ठहराव करने वाली 14523 हरिहर एक्सप्रेस और 14615 लालकुआं एक्सप्रेस भी शामिल थीं।
ट्रेनों के बंद रहने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च और असुविधा का सामना करना पड़ा। खासकर त्योहार के मौसम से पहले यात्रा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई थी।
मौसम में सुधार और कोहरे की तीव्रता कम होने के बाद रेलवे ने ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से फिर से संचालित करने का निर्णय लिया है। होली के मद्देनजर इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है…क्योंकि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होती है।
रेल यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों के दोबारा शुरू होने से त्योहार पर घर लौटने की चिंता काफी हद तक कम होगी। रेलवे प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अगले 10 दिनों के भीतर इन ट्रेनों का नियमित संचालन बहाल करने की तैयारी है…जिससे क्षेत्र की रेल यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य हो सकेगी।


