उत्तराखंड- यहाँ विवाहिता का शव पहाड़ियों में मिलने से सनसनी, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

खबर शेयर करें -

नई टिहरी न्यूज़- जनपद टिहरी की पट्टी सकलाना में थाना चंबा क्षेत्र अंतर्गत धनच्यूला की पहाड़ियों में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रजनी नेगी (32) पत्नी धर्मेंद्र कठैत निवासी ग्राम घेना, कठु की चेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका का मायका मरोड़ा गांव में है।

मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि रजनी लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी और पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। स्वजनों के मुताबिक रजनी ने पहले ही अपने भाई को बता दिया था कि वह अब ससुराल वापस नहीं जाएगी। ग्रामीणों ने भी कई बार दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें -  बिग ब्रेकिंग- हल्द्वानी जेल में होगी नैनीताल दुग्ध संघ की बैठक

जानकारी के अनुसार 23 मई को रजनी के पति धर्मेंद्र कठैत की ओर से पुलिस चौकी कुमाल्डा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने खोजबीन में अपेक्षित सहयोग नहीं किया।

मृतका के पति धर्मेंद्र का कहना है कि रजनी सुबह करीब पांच बजे घर से निकली थी। वह उसके पीछे गया, लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दी। गांव वालों के कहने पर दोपहर करीब 2:30 बजे गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों ने धनच्यूला की पहाड़ियों में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रजनी नेगी के रूप में कराई।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक और बढ़ेगी ठंड, IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

मायके पक्ष का कहना है कि शव के गले पर गहरे निशान दिखाई दे रहे थे। हालांकि उन्होंने अभी किसी पर सीधे हत्या का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन घटना को लेकर हत्या की आशंका जरूर जताई है।

स्वजनों ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पंचनामा प्रक्रिया और मीडिया के मौके पर पहुंचने से पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरादून भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें -  चलती ट्रेन से कहां गायब हो गई प्रज्ञा सिंह? पति के साथ सोई थी, रात में नींद खुली तो ट्रेन में नहीं मिली

बताया जा रहा है कि रजनी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

वहीं, थाना चंबा प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999