भारत मौसम विज्ञान विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद बागेश्वर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीएम अपूर्वा पांडेय ने 21 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी जारी किए हैं।

ऑरेंज अलर्ट के चलते डीएम ने 21 जुलाई को बागेश्वर के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया।
IMD की चेतावनी के बाद बागेश्वर प्रशासन अलर्ट, 21 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश।
बागेश्वर, 20 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा 21 जुलाई के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार, 21 जुलाई को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्वा पांडेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 21 जुलाई (मंगलवार) को जनपद बागेश्वर के सभी सरकारी, अशासकीय (सहायता प्राप्त) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि संभावित भारी बारिश और उससे उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, बागेश्वर तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय या संबंधित संस्था द्वारा आदेश का उल्लंघन किया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है


