
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका है और जेठ के इस महीने में लोगों को कड़कड़ाती धूप के बजाय पहाड़ों में ठंडी हवाओं का अहसास हो रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी 30 मई शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. इसके साथ ही, राज्य के ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों यानी 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर ताजा बर्फबारी होने की पूरी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने राज्य के लिए चेतवानी जारी करते हुए आम लोगों और चारधाम यात्रियों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है.
शनिवार को राज्य के कई जनपदों में कहीं-कहीं अचानक आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे सामान्य जनजीवन पर असर पड़ सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी इलाकों जैसे हरिद्वार और उधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी कम रहा. राज्य में इस वक्त एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, जिसके प्रभाव से अगले 1 से 2 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी


