
उत्तराखंड में फिर तेज होगा मानसून, 27 और 28 जुलाई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मानसून के और सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 से 28 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर को लेकर चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 27 और 28 जुलाई के लिए कई जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
25 जुलाई:
देहरादून, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के दौर हो सकते हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी बिजली चमकने की संभावना है।
26 जुलाई:
बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और पिथौरागढ़ में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। उत्तरकाशी, देहरादून और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।
27 जुलाई (ऑरेंज अलर्ट):
बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। पर्वतीय जनपदों में तेज बारिश के दौर जारी रहने की चेतावनी दी गई है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी बिजली चमकने की आशंका है।
28 जुलाई (ऑरेंज अलर्ट):
देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग की सलाह:
लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है


