हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रही महिला ने मुजफ्फरनगर में जुड़वां बेटों को दिया जन्म, SSP ने रखा नाम- गणेश और कार्तिकेय

खबर शेयर करें -

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली की महिला शिवभक्त नेहा भोली ने जिला महिला अस्पताल में जुड़वां बेटों को जन्म दिया. हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटते समय उन्हें प्रसव पीड़ा हुई थी. सूचना मिलने पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा अस्पताल पहुंचे और मां की सहमति से दोनों नवजातों का नाम गणेश और कार्तिकेय रखा. डॉक्टरों के अनुसार मां और दोनों बच्चे सुरक्षित हैं तथा इलाज जारी है.

SSP ने दोनों बच्चों का नाम गणेश और कार्तिकेय रखा (Photo: ITG)

सावन के पवित्र महीने में चल रही कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली लौट रही एक महिला कांवड़िया ने रास्ते में प्रसव पीड़ा होने पर जिला महिला अस्पताल में जुड़वां बेटों को जन्म दिया. मां और दोनों नवजात सुरक्षित हैं.  मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने उन्हें देखने खुद अस्पताल पहुंचे और मां की सहमति के बाद दोनों बच्चों का नाम ‘गणेश’ और ‘कार्तिकेय’ रखा. कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार और नीलकंठ से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं. इसी यात्रा के बीच घटी यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है.

हरिद्वार से जल लेकर दिल्ली लौट रही थीं नेहा

यह भी पढ़ें -  देहरादून:(बड़ी खबर) राज्य के मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य बदले गए

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी शिवभक्त नेहा भोली अपने साथियों के साथ नीलकंठ और हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली की ओर लौट रही थीं. यात्रा के दौरान किसी कारणवश उनका अपने साथियों से संपर्क टूट गया और वह अकेले ही आगे बढ़ने लगीं. इसी बीच मुजफ्फरनगर पहुंचने पर उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को समझा और उन्हें बिना देर किए जिला महिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया. महिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में नेहा ने दो बेटों को जन्म दिया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रसव के बाद मां और दोनों बच्चों की लगातार निगरानी की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन जिला महिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने महिला और दोनों नवजातों का हालचाल जाना तथा डज्ञॅक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली.

यह भी पढ़ें -  एम्स ऋषिकेश दीक्षांत समारोह : 434 छात्रों को दी डिग्री, नड्डा बोले हर डॉक्टर पर 35 लाख हो रहे खर्च

SSP ने रखा बच्चों का नाम ‘गणेश’ और ‘कार्तिकेय’

अस्पताल पहुंचने के बाद एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने महिला से मुलाकात की. उन्होंने मां की सहमति मिलने के बाद दोनों नवजात बेटों का नामकरण किया. एक बच्चे का नाम गणेश और दूसरे का नाम कार्तिकेय रखा गया. नामकरण के बाद एसएसपी ने नवजातों को उपहार दिए और उनकी मां को फलों की टोकरी भेंट कर शुभकामनाएं दीं. अस्पताल में मौजूद पुलिस अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भी नवजातों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की.

डॉक्टरों ने क्या बताया 

महिला जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. मुरली भास्कर ने बताया कि महिला गर्भावस्था के लगभग सातवें महीने में थीं. प्रसव के बाद दोनों बच्चों को विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि एक नवजात का वजन करीब 1.20 किलोग्राम जबकि दूसरे का वजन करीब 900 ग्राम है. शुरुआती समय में दोनों बच्चों को सांस लेने में कुछ परेशानी थी, लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है. सीएमएस के मुताबिक, मां भी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है.

यह भी पढ़ें -  देहरादून: पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया जारी, आखरी तारीख आज 05 जुलाई -

SSP बोले- महादेव का आशीर्वाद

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान यह घटना पूरे जिले के लिए खुशी का अवसर है. उन्होंने कहा कि जैसे ही महिला को प्रसव पीड़ा हुई, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल समन्वय बनाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने समय रहते बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराई, जिसकी वजह से मां और दोनों बच्चे सुरक्षित हैं. एसएसपी ने कहा कि दोनों बच्चों का नाम मां की सहमति से गणेश और कार्तिकेय रखा गया है. उन्होंने नवजातों और उनके परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा, यह महादेव का आशीर्वाद है. हर-हर महादेव.

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999