
मौसम विभाग ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून के कई क्षेत्रों के लिए तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 10:21 बजे से दोपहर 1:21 बजे तक छिद्दरवाला, डोईवाला, सेलाकुई, रायवाला और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तीव्र और अति तीव्र बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
देहरादून में तीन घंटे ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित लाइन विभागों, उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और तहसील स्तर पर तैनात त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और टीमें तैयार रखने को कहा गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
प्रशासन ने वृक्ष गिरने, टहनियां टूटने, जलभराव और सड़क अवरुद्ध होने जैसी परिस्थितियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी स्थान पर ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर क्यूआरटी को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए निर्देश
शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम खराब रहने के दौरान सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा 1077 पर डीडीएमओ को देने को कहा है।


