
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम जाने वाले पैदल यात्रा मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर गया। इसकी चपेट में आने से स्थानीय यात्री मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार रविवार 13 सितंबर को सुबह करीब 10:56 बजे चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना YMF जवान मुकेश ने दी। इसके बाद सोनप्रयाग कोतवाली से मिले आरटी संदेश के जरिए घटना की पुष्टि हुई।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान मोहन तिवारी पुत्र जयनारायण तिवारी के रूप में हुई है। वह ग्राम पठाली, थाना एवं तहसील ऊखीमठ, जिला रुद्रप्रयाग के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलते ही DDRF और YMF की रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन घटनास्थल पर लगातार पत्थर गिरने के कारण रेस्क्यू टीम के सामने भी खतरा बना हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम शव को सुरक्षित तरीके से गौरीकुंड लाने की कार्रवाई कर रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे वाला क्षेत्र फिलहाल संवेदनशील बना हुआ है। यहां भूस्खलन सक्रिय है और पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए मौके पर काम कर रहे मजदूरों को काम रोककर सुरक्षित स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार पत्थर गिरने से बढ़ी चिंता
केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकें और यात्रा के दौरान जारी किए जाने वाले सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है


