
लालकुआं। लालकुआं के राजीव नगर बंगाली कॉलोनी में एक बकरी ने ऐसे अनोखे बच्चे को जन्म दिया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। नवजात बकरी के बच्चे के चार की जगह छह पैर दिखाई दे रहे हैं, जबकि उसके चेहरे पर सामान्य रूप से आंखें नजर नहीं आ रही हैं। हालांकि, बच्चा मुंह से दूध पी रहा है और फिलहाल जीवित है।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी एवं रेलवे स्टेशन में कार्यरत शाहिद की पालतू बकरी ने बीती रात दो बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक बच्चा सामान्य है, जबकि दूसरे की शारीरिक बनावट असामान्य होने के कारण वह कौतूहल का विषय बन गया। नवजात के शरीर में चार सामान्य पैरों के अलावा दो अतिरिक्त पैर दिखाई दे रहे हैं। वहीं उसके चेहरे पर आंखें स्पष्ट रूप से विकसित नजर नहीं आ रही हैं।
सुबह जब बकरी के अनोखे बच्चे के जन्म की खबर मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में फैली तो शाहिद के घर पर उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। बच्चे को देखने पहुंचे लोग उसकी शारीरिक बनावट देखकर हैरानी जताते नजर आए और मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें भी लेते रहे।
स्थानीय लोगों के बीच इस अनोखे जन्म को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों ने इसे प्रकृति का अनोखा रूप बताया तो कुछ इसे पशुओं में होने वाली दुर्लभ शारीरिक विकृति से जोड़कर देख रहे हैं।
पशु चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, नवजात पशुओं में कभी-कभी जन्मजात शारीरिक असामान्यताएं देखने को मिलती हैं। ऐसे मामलों में नवजात को विशेष निगरानी और चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता हो सकती है, विशेषकर यदि उसे दूध पीने, सांस लेने या सामान्य गतिविधियों में परेशानी हो।
फिलहाल शाहिद के घर जन्मा यह अनोखा बकरी का बच्चा लालकुआं में कौतूहल का विषय बना हुआ है और उसे देखने के लिए लोगों का पहुंचना लगातार जारी है


