बड़ी खबर:- लालकुआं में उत्तराखंड देवभूमि पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र पुरी महाराज की संदिग्ध मौत,

खबर शेयर करें -

लालकुआं। उत्तराखंड देवभूमि पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं ब्रह्मदेव मंदिर के संचालन से जुड़े वीरेंद्र पुरी महाराज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि वीआईपी गेट स्थित उनकी कुटिया का दरवाजा अंदर से बंद है और काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर भीतर प्रवेश किया तो वीरेंद्र पुरी महाराज अचेत अवस्था में पड़े मिले।
मौके पर उनके पास हीटर और तवा भी पड़ा हुआ था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि संभवतः वह हीटर पर रोटी बना रहे थे और इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर बारीकी से जांच कराई। इसके बाद शव को मृत्यु की पुष्टि एवं आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए एंबुलेंस से डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि वीरेंद्र पुरी महाराज का दरवाजा अंदर से बंद है और आवाज देने पर भी वह दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। पुलिस टीम ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसे तुड़वाया गया। अंदर वीरेंद्र पुरी महाराज अचेत अवस्था में मिले। प्रथम दृष्टया करंट लगने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।
वीरेंद्र पुरी महाराज केवल धार्मिक क्षेत्र से ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति में भी सक्रिय रहे। वह उत्तराखंड देवभूमि पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष थे। वर्ष 2002 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लालकुआं विधानसभा से चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद से वह लगातार विधानसभा चुनावों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराते रहे।
इस बार भी वीरेंद्र पुरी महाराज ने उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया था और पार्टी के लिए प्रत्याशियों की तलाश में जुटे हुए थे। ऐसे में उनके अचानक निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999