
हल्द्वानी न्यूज़- शहर के एक बड़े कारोबारी के दो बेटे संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। दोनों बच्चे 24 घंटे से अधिक समय से बेहोश हैं। चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक बेहोशी की मुख्य वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी के 17 और 12 वर्षीय दोनों बेटे रविवार शाम करीब 7:30 बजे अलग-अलग कमरों में बेहोशी की हालत में मिले। बच्चों की मां ने उन्हें देखा तो रिश्तेदार की मदद से तत्काल एसटीएच पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया।
चिकित्सकों के मुताबिक, दोनों बच्चों में लगभग एक जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। एक किशोर के हाथ-पैरों में कुछ-कुछ समय बाद हलचल देखी जा रही है, जबकि दूसरा पूरी तरह बेसुध है। दोनों की मेडिकल जांच कराई गई है। शुरुआती कुछ जांचों की रिपोर्ट सामान्य आई है, जबकि कुछ रिपोर्ट अभी आनी बाकी हैं।
शुगर कम, होश आने के बाद होगी MRI
एसटीएच के एमएस प्रो. अरुण जोशी ने बताया कि दोनों बच्चों की शुगर कम पाई गई है। फिलहाल दोनों को आईसीयू में रखकर लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि बच्चों के होश में आने के बाद उनकी एमआरआई कराई जाएगी, जिससे स्थिति को और स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है।
मामला संदिग्ध होने के कारण चिकित्सक फिलहाल बेहोशी की संभावित वजह को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं। दोनों बच्चों के इलाज और जांच की प्रक्रिया जारी है। सोमवार देर रात तक भी दोनों को होश नहीं आया था। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है


