लालकुआं में रील बनाने से डांटने पर 14 वर्षीय छात्रा ने मौत को लगाया गले, परिवार में मचा कोहराम,

खबर शेयर करें -

लालकुआं। सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भाई की फटकार से नाराज 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस उम्र में बच्चों के सपनों को पंख लगने चाहिए, उस उम्र में हुई इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं नगर से सटी वीआईपी गेट स्थित वर्मा कॉलोनी निवासी स्वर्गीय संजय सक्सेना की पुत्री राखी सक्सेना (14) बिंदुखत्ता स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर लगातार रील बनाने को लेकर उसके 16 वर्षीय बड़े भाई ने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद किशोरी ने अपने कमरे में पंखे के कुंडे से फंदा लगा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि किशोरी की मां ममता सक्सेना सिडकुल स्थित एक कंपनी में मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का भरण-पोषण करती हैं। परिवार पहले ही पिता को खोने का दुख झेल रहा था, ऐसे में बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर किशोरों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर परिवारों में संवाद की अहमियत को सामने ला दिया है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999