काशीपुर-कुंडा क्षेत्र से केबल चोरी कर रुद्रपुर के गोदाम में छिपाते थे, दो वाहन और उपकरण बरामद

रुद्रपुर/काशीपुर– उत्तराखंड एसटीएफ ने विद्युत केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत के 45 कुंतल तार, दो वाहन और भारी मात्रा में उपकरण बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय बताया जा रहा है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कुमाऊं टीम को सूचना मिली कि रुद्रपुर के धर्मपुर क्षेत्र स्थित एक गोदाम में काशीपुर और कुंडा क्षेत्र से चोरी किए गए एचसी केबल छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आफताब अली (43) पुत्र स्व. मोहम्मद अली निवासी विवेकनगर ट्रांजिट कैंप, हाल निवासी धर्मपुर कॉलोनी रुद्रपुर तथा जीशान (22) पुत्र नसीर अहमद निवासी भदईपुरा, रुद्रपुर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय स्कॉर्पियो वाहन से रैकी करते थे और सुनसान स्थानों पर विद्युत केबल काटते थे। इसके बाद पिकअप वाहन से केबल गोदाम तक लाकर तार को छीलकर उसमें से कॉपर और एल्यूमिनियम अलग कर मुरादाबाद और बरेली में बेच देते थे। अब तक करीब 10 टन केबल चोरी करने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मौके से 45 कुंतल विद्युत तार, बड़ी कैंची, नौ कटर, हेक्सा ब्लेड, अन्य धारदार औजार और दो वाहन (पिकअप संख्या UP25ET 3005 तथा स्कॉर्पियो संख्या UK18D 4683) बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आफताब अली पहले भी चोरी, डकैती और लूट के मामलों में जेल जा चुका है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कुंडा और काशीपुर थानों में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी में एसटीएफ टीम के निरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक केजी मठपाल, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, किशोर कुमार, रविंद्र सिंह, आरक्षी जितेंद्र कुमार और कृष्ण चंद्र शर्मा (सर्विलांस) शामिल रहे। वहीं कोतवाली कुंडा और काशीपुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह धोनी, अपर उपनिरीक्षक रवीश राम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे


