
नैनीताल में पुलिस का बड़ा एक्शन! 251 वाहनों के चालान, 10 सीज, स्कूल बसों पर भी चला डंडा
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस ने जिलेभर में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान में पुलिस ने अब तक 251 वाहनों के चालान काटे हैं…जबकि 10 वाहनों को सीज कर दिया है। इतना ही नहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।नक्शे देखें
खास बात यह है कि पुलिस के निशाने पर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहन भी हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बसों और वैन की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 16 नवंबर से जिले में एक सप्ताह का विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें सड़कों पर उतरकर वाहनों की जांच कर रही हैं। अभियान का मकसद सड़क हादसों पर रोक लगाना और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कराना है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने अब तक 20 स्कूल बसों की जांच की है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर 4 बसों के चालान किए गए हैं।
पुलिस टीम बसों में फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा और चालक का लाइसेंस जांच रही है। इसके अलावा बसों में इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी देखी जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े
251 वाहनों के चालान।
10 वाहन सीज।
7 चालकों के DL निरस्तीकरण की कार्रवाई।
20 स्कूल बसों की जांच।
4 स्कूल बसों के चालान।
33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर स्कूली बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच करने को कहा गया है।
पुलिस ने वाहन चालकों और स्कूल संचालकों को भी चेतावनी दी है कि सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


