
लालकुआं न्यूज़- अंकिता हत्याकांड के विरोध में तथा पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर हल्दूचौड़ में गन्ना सेंटर से डूंगरपुर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक तक कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च के समापन पर स्मारक एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एन.डी. तिवारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
कैंडल मार्च में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया और दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि अंकिता हत्याकांड ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। वक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
कैंडल मार्च में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, हरेंद्र बोरा, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हेमवती नंदन दुर्गापाल, वरिष्ठ कांग्रेसी प्रमोद कॉलोनी, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश दुम्का, पुष्कर दानू, भुवन पांडे, गोपाल नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, किरण डालाकोटी, बीना जोशी, शंकर जोशी, किरण जोशी, रमेश जोशी, संदीप पांडे, उमेश कबड़वाल, राजेंद्र बिष्ट सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल रहे।


