
हल्द्वानी न्यूज़- हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने ABVP के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना कटघरिया स्थित एक होटल की बताई जा रही है। जांच के दौरान होटल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। आरोप है कि होटल में बिना पहचान पत्र (आईडी) के कमरा उपलब्ध कराया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा के साथ देर रात कटघरिया स्थित होटल में दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले में धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के नाम सामने आए। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन की ओर से बिना पहचान पत्र के कमरा दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब होटल स्वामी की भूमिका की भी जांच कर रही है। लापरवाही की पुष्टि होने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया है। फिलहाल मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ ही अन्य पहलुओं की जांच जारी है। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर प्रकरण में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है


