
खाद-बीज के लिए भटक रहे किसान, जंगली जानवरों से फसलें असुरक्षित… किसान दिवस में खुली कृषि व्यवस्थाओं की पोल!
कुंवरपुर कृषि निवेश केंद्र में सुविधाओं का अभाव उठा तो सीडीओ ने फोन पर दिए सुधार के निर्देश, खाद-बीज और सिंचाई की समस्याओं से भी कराया अवगत!
| हल्द्वानी।
किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ने के सरकारी दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। कहीं समय पर खाद-बीज नहीं मिल रहा तो कहीं छोटे कृषि यंत्र और स्प्रे पंप जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा और सिंचाई की समस्या भी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। गुरुवार को हल्द्वानी ब्लॉक सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने जब अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं तो कृषि व्यवस्था की कई कमियां सामने आईं।
डीएम के निर्देश पर आयोजित किसान दिवस में कुंवरपुर और गौलापार क्षेत्र के किसानों ने कृषि निवेश केंद्र की अव्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों का कहना था कि केंद्र में समय पर बीज, खाद, छोटे कृषि उपकरण और स्प्रे पंप उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। मामला सामने आते ही मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित केंद्र प्रभारी से फोन पर वार्ता कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और किसानों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
किसान दिवस में खाद-बीज की उपलब्धता के साथ सिंचाई, जंगली जानवरों से फसलों को बचाने, मंडी व्यवस्था और कृषि संबंधी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों, महिला किसानों, प्रगतिशील किसानों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसान दिवस महज औपचारिक आयोजन नहीं होना चाहिए, बल्कि किसानों की समस्याओं का धरातल पर समाधान इसकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, सहकारिता, विद्युत, उरेडा, सिंचाई और ग्राम्य विकास विभागों ने स्टॉल लगाकर किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे


