
उत्तराखंड की राजनीति में जुबानी जंग एक बार फिर चरम पर पहुंच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति पप्पू गिरधारी की जोड़ी को सोशल मीडिया पर ‘बंटी-बबली’ कहे जाने से नाराज रेखा आर्य ने पलटवार करते हुए हरीश रावत को एक खुली और बेहद तीखी चिट्ठी लिख डाली है। करीब 2000 शब्दों की इस लंबी चिट्ठी में कैबिनेट मंत्री ने हरीश रावत के राजनीतिक इतिहास, भ्रष्टाचार के कथित मामलों और उनकी कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए हैं। बता दें कि बंटी और बबली एक बॉलीवुड फिल्म के ठग किरदार हैं। स्थानीयपरमिट लें
राजनीतिक तानों से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर रेखा आर्य और उनके पति पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘बंटी-बबली’ की संज्ञा दी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। यह तंज रेखा आर्य को इस कदर चुभा कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ही पूर्व सीएम की राजनीतिक पारी के पुराने अध्यायों को खंगालना शुरू कर दिया। चिट्ठी की शुरुआत करते हुए रेखा आर्य ने हरीश रावत पर तंज कसते हुए उन्हें ‘डेनिस बाबा’, ‘कुर्सी कुमार’, ‘स्वार्थ सम्राट’ और ‘राजनीति का गिरगिट’ जैसे कई नाम दिए। उन्होंने लिखा कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें एक बेटी की पीड़ा को समझना चाहिए था, लेकिन सत्ता की ललक और कुर्सी की छटपटाहट में वे सब कुछ भूल गए। स्थानीयपरमिट लें
2016 के सियासी संकट और वीडियो का जिक्र
कैबिनेट मंत्री ने साल 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए लिखा कि वह टीस आज भी हरीश रावत को बार-बार परेशान करती है। उन्होंने कहा कि उनके कुकृत्यों से तंग आकर करीब एक दर्जन विधायकों ने पार्टी और सत्ता छोड़ दी थी, जिसके लिए बड़े नैतिक साहस की जरूरत होती है। इसके साथ ही, उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी पूर्व सीएम को घेरा। चिट्ठी में एक पुराने स्टिंग वीडियो और प्रशासनिक फैसलों का हवाला देते हुए लिखा गया कि जो नेता खुद अपने कार्यकाल के वीडियो को लेकर विवादों में रहे हों, वे आज नैतिकता की बात कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नैनीसार की पवित्र भूमि की नीलामी और खनन से जुड़े मामलों को जनता भूली नहीं है। ल
कांग्रेस की स्थिति और बुढ़ापे की नसीहत
रेखा आर्य ने कांग्रेस पार्टी की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए लिखा कि हरीश रावत के नेतृत्व और फैसलों के कारण ही आज पार्टी मात्र 11 सीटों पर सिमटकर रह गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरीश रावत एक बार फिर 2027 के चुनावों को लेकर सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं और दिल्ली दरबार में चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुगबुगाहट का अब कोई असर नहीं होने वाला। चिट्ठी के अंत में मंत्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि वे अभी बहुत सी बातें सार्वजनिक नहीं कर रही हैं, क्योंकि वे उनके बुढ़ापे और उम्र का लिहाज करती हैं। उन्होंने सलाह दी कि वे उम्र के इस पड़ाव पर शांति से रहें और बयानबाजी करने से पहले अपनी भाषा पर लगाम लगाएं, वरना उन्हें आगे और भी कई पन्ने खोलने पड़ेंगे


