
उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राज्य में ‘न्याय यात्रा’ के माध्यम से जनता की आवाज को बुलंद किया है। बद्रीनाथ, चमोली, रुद्रप्रयाग से लेकर टपकेश्वर महादेव आदि से निकाली गई इस पदयात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों और कुशासन से त्रस्त हो चुकी है।
अंकिता हत्याकांड, सबूत मिटाने और घोटालों पर घेराबंदी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. हरक सिंह रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और उसके सबूतों को मिटाने के प्रयासों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया और ट्वीट्स के जरिए बुलडोजर भेजने की बात कही गई थी, और उस वक्त यमकेश्वर की विधायक रेणु बिष्ट ने जिस तरह चैनलों के सामने आकर रिसॉर्ट तुड़वाने और सबूत मिटाने पर अपनी बहादुरी दिखाई थी, वह जनता के सामने है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक पुलिस कमरे को सीज कर पूरी छानबीन नहीं कर लेती, तब तक अंकिता के कमरे को क्यों तुड़वाया गया? इसके साथ ही उन्होंने चार धाम मंदिरों में कथित ‘चंदा चोरी’ और सोना चोरी, पेपर लीक मामलों (रिया थापा के पिता के आंसुओं का जिक्र करते हुए), तथा प्रदेश में चरम पर पहुंच चुके भ्रष्टाचार का कड़ा विरोध किया। उन्होंने विशेष रूप से रेखा आर्य पर 210 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया और गणेश जोशी के इस्तीफे की मांग दोहराई। कानूनपढ़ें
कहा, प्रदेश में अराजकता का माहौल
डॉ. हरक सिंह रावत ने उत्तराखंड में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हरिद्वार, लालकुआं, चंपावत, अल्मोड़ा और आईएसबीटी क्षेत्र की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आम नागरिक और महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सरकार अपनी नाकामी और कुकर्मों को छिपाने के लिए लीपापोती करने में जुटी है, लेकिन कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है।
नैतिकता और राजनीतिक शुचिता का जिक्र करते हुए डॉ. रावत ने भाजपा के दोहरे चरित्र पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का हवाला देते हुए कहा कि जब उन पर अतीत में उंगली उठी थी, तो उन्होंने खुद मंत्री पद से इस्तीफा दिया था और विधानसभा के भीतर खुद सीबीआई जांच व डीएनए टेस्ट की मांग की थी। इसके विपरीत, भाजपा एक ऐसे व्यक्ति को राज्यपाल बना रही है जिस पर गंभीर जांच लंबित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, क्योंकि जिनका दामन पूरी तरह काला हो, उन्हें दूसरों पर छींटे नहीं डालने चाहिए।
मुख्यमंत्री चेहरा पार्टी हाईकमान और विधायक तय करेंगे
आगामी चुनावों की तैयारियों पर बात करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत और एकजुटता के साथ मैदान में उतरी है। पार्टी हाईकमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, कुमारी सैलजा और वरिष्ठ नेता हरीश रावत के नेतृत्व में चुनाव प्रबंधन और रणनीति पर लगातार काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा पार्टी हाईकमान और विधायक दल द्वारा तय किया जाएगा, जैसा कि भाजपा ने 2017 में किया था। कांग्रेस का मुख्य चेहरा पार्टी का चुनाव चिह्न ‘हाथ’ और सामूहिक नेतृत्व है। अपनी व्यक्तिगत भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना है। इसके लिए यदि उन्हें अपनी सीट (सहसपुर या अन्य कोई भी सीट) छोड़नी पड़े या कोई भी बड़ा बलिदान देना पड़े, तो वे सबसे पहले तैयार रहेंगे। पार्टी के हित और जीत सर्वोपरि है। कानूनपढ़ें
लंबा राजनीतिक अनुभव और विकास कार्यों का जिक्र
अपने दशकों लंबे राजनीतिक सफर को याद करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि उन्होंने कल्याण सिंह, एन.डी. तिवारी, विजय बहुगुणा, हरीश रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत और पुष्कर सिंह धामी समेत विभिन्न मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में सात बार कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई है। रुद्रप्रयाग, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर जैसे नए जिलों के गठन और कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय, मेडिकल कॉलेज व लालढांग-चिल्लारखाल सड़क जैसी विकास परियोजनाओं का श्रेय उन्होंने अपनी मेहनत और जनता के समर्थन को दिया। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इन सभी मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुकी है।
सहसपुर के सवाल पर बोले पार्टी की जीत, सरकार बनाना मुख्य लक्ष्य
सहसपुर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी और तैयारियों के सवाल पर हरक सिंह रावत ने कहा कि पार्टी ने उन्हें चुनाव प्रबंधन की बड़ी जिम्मेदारी दी है और उनका एकमात्र लक्ष्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना है। इसके लिए वे किसी भी बड़े बलिदान के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हालांकि वे सहसपुर में अपनी तरफ से काम और आकलन कर रहे हैं, लेकिन वहां आर्येंद्र शर्मा सहित पार्टी के कई अन्य मजबूत दावेदार भी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी हाईकमान से कहा है कि एक निष्पक्ष और ईमानदार सर्वे कराया जाए यदि सहसपुर या किसी अन्य सीट पर पार्टी का कोई दूसरा उम्मीदवार जीतने की स्थिति में है, तो वे पहले व्यक्ति होंगे जो उस सीट से अपना नाम वापस ले लेंगे। उन्होंने कहा कि वे किसी भी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, और अगर पार्टी को लगेगा कि किसी विशेष सीट को केवल वे ही निकाल सकते हैं, तो वे वहां से लड़ेंगे। उन्होंने दोहराया कि किसी व्यक्ति विशेष के बजाय कांग्रेस पार्टी और उसका चुनाव चिह्न ‘हाथ’ ही असली चेहरा है


