लालकुआं में सफाई और पथ प्रकाश ठप होने पर डीएम सख्त, कर्मचारियों पर ESMA का शिकंजा; एफआईआर तक की चेतावनी

खबर शेयर करें -

लालकुआं। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के बीच शुरू हुए विवाद के बाद लालकुआं में पैदा हुए हालात पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। नगर पंचायत कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की स्ट्रीट लाइटें बंद होने और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने का मामला जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को कड़ा नोटिस जारी किया है। डीएम ने तत्काल सफाई व्यवस्था और पथ प्रकाश सुचारु करने के निर्देश देते हुए हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ एस्मा के तहत कार्रवाई करने तथा जरूरत पड़ने पर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा 12 नवंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि उप जिलाधिकारी (न्यायिक), हल्द्वानी, सोशल एवं प्रिंट मीडिया तथा स्थानीय निवासियों के माध्यम से संज्ञान में आया है कि नगर पंचायत लालकुआं के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसके चलते 11 नवंबर की शाम से नगर क्षेत्र की पथ प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह ठप है, जबकि 12 नवंबर को जगह-जगह एकत्रित कूड़े का निस्तारण भी नहीं किया गया। इससे आम जनता को आवागमन में परेशानी होने के साथ ही अंधेरे के कारण लूटपाट, चेन स्नेचिंग और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया है। वहीं कूड़े के ढेरों से गंदगी और दुर्गंध फैलने के साथ बीमारियों एवं महामारी का खतरा भी बढ़ गया है।
डीएम ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड शासन द्वारा 30 जुलाई 2026 से आगामी छह माह के लिए पूरे प्रदेश में उत्तर प्रदेश अत्यावश्यक सेवाओं का अनुरक्षण अधिनियम (उत्तराखंड में यथाप्रवृत्त) यानी एस्मा लागू किया गया है। इसके तहत आवश्यक सेवाओं में हड़ताल प्रतिबंधित है। उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया कर्मचारियों से समय रहते संवाद कर हड़ताल रोकने का सार्थक प्रयास नहीं किया गया और न ही उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को तत्काल नगर में जमा कूड़े का निस्तारण कराने और पथ प्रकाश व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हड़ताल पर गए कर्मचारियों को तत्काल काम पर लौटने के लिए नोटिस जारी करने तथा आदेश की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। इसमें प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी शामिल है। डीएम ने की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं।
जिलाधिकारी के इस सख्त आदेश के बाद लालकुआं में नगर पंचायत कर्मचारियों की हड़ताल और उससे प्रभावित हुई सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में आ गया है

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999