
लालकुआं। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के आवागमन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के बीच शुरू हुआ विवाद अब नगर की व्यवस्थाओं पर भारी पड़ने लगा है। विवाद के विरोध में नगर पंचायत की ओर से रातभर शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बंद रखे जाने के बाद गुरुवार सुबह सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए और जगह-जगह गंदगी फैल गई।
शहर की सफाई व्यवस्था ठप होने की सूचना पर उप जिलाधिकारी रेखा कोहली नगर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत के साथ बैठक कर तत्काल सफाई व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके बाद सफाई कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया, लेकिन कर्मचारियों ने दो टूक कह दिया कि जब तक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक वे सफाई कार्य शुरू नहीं करेंगे।
सफाई कर्मचारियों के इस रुख के बाद मामला और गरमा गया। फिलहाल उप जिलाधिकारी रेखा कोहली और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के बीच वार्ता चल रही है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए हैं। सफाई कर्मचारियों के साथ नगरवासियों ने भी अध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी है।
कोतवाल और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच शुरू हुई तकरार अब पूरे शहर की सफाई और प्रकाश व्यवस्था को प्रभावित करने लगी है। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को तत्काल बहाल कराने के साथ विवाद का समाधान निकालने की है।


