
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आज सभी जिलों के डीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। इस दौरान सीईओ ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन / इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा निर्वाचन विभाग
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिया कि वे सभी मतदान केंद्रों का मौके पर जाकर निरीक्षण करें, ताकि इमारतों की स्थिति की जांच की जा सके और बिजली, पीने के पानी व अन्य ज़रूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने ज़िलों को यह भी निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि सभी ज़िला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी और राज्य-स्तरीय मास्टर ट्रेनर, आयोग द्वारा तय किए गए प्रशिक्षण सत्रों में भाग लें।
CEO ने सभी जिलों को स्वीप प्लान बनाने के दिए निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को स्वीप प्लान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आगामी माह में आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखंड का भ्रमण किया जा सकता है, जिसमें सभी डीएम के साथ चुनाव तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक समीक्षा की जाएगी। सीईओ ने सभी जनपदों के SIR अभियान की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की।


