उत्तराखंड में आज फिर भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट; 10 जिलों की 61 सड़कें बंद

खबर शेयर करें -

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बिगड़ गया है। देर रात से प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारों की संभावना जताई है। देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज से अत्यंत तीव्र बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

12वीं तक स्कूल बंद

खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में कोहरा बढ़ाएगा मुश्किल, तापमान में आएगी गिरावट, पढ़ें मौसम विभाग का पूर्वानुमान

सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा, 61 सड़कें बंद

बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद सरयू नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। वहीं बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। वर्तमान में 10 जिलों की 61 सड़कें बंद बताई गई हैं, जिससे कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है।

पीपलकोटी टनल हादसे में 7 मजदूरों की मौत

चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल में गुरुवार शाम लैंडस्लाइड के बाद पानी रिसने लगा। मलबा और पानी भरने से टनल के अंदर काम कर रहे 22 मजदूर फंस गए थे। सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें -  हत्या और गैंगरेप के आरोपी इस भाजपा नेता को प्रदेश अध्यक्ष ने दिखाया बाहर का रास्ता

15 अगस्त को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 15 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली और तीव्र बौछारें पड़ने की संभावना है।

वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है। चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर आने की संभावना है।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। पौड़ी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें -  पुलिस ने तोड़ी तस्करों की कमर : 15 ग्राम स्मैक के साथ 2 तस्कर अरेस्ट, लाखों में बताई जा रही कीमत

17 अगस्त को भी भारी बारिश का दौर

17 अगस्त को देहरादून, पौड़ी और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999