
देहरादून, 4 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, जिससे कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक जिलों में अच्छी से लेकर भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग में 119 मिमी रिकॉर्ड की गई, जबकि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार पिछले 24 घंटों में लिति (पिथौरागढ़) में 72 मिमी, मसूरी में 64 मिमी, डीडीहाट में 59 मिमी, देवाल (चमोली) में 54 मिमी, कांडा (बागेश्वर) में 53 मिमी, जागेश्वर (अल्मोड़ा) में 43 मिमी, नैनीताल में 40 मिमी और चमोली में 36 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा देहरादून, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई।
आज इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 4 अगस्त के लिए देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर मैदानी जनपद हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारों को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
5 अगस्त से और सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 5 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अधिकांश पर्वतीय जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज वर्षा की संभावना बनी हुई है।
6 अगस्त को भी राहत के आसार नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 अगस्त को भी देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर जारी रहने की चेतावनी दी गई है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, मलबा आने और छोटी नदियों-गदेरों के उफान पर आने की आशंका भी बनी हुई है।
9 अगस्त तक बना रहेगा मानसून का प्रभाव
मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 अगस्त तक प्रदेशभर में मानसून की गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। विभाग ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने, मौसम की ताजा अपडेट पर नजर रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


