
उत्तराखंड में 1694 पदों पर निकली पुलिस-वन विभाग समेत 11 श्रेणियों में भर्ती, 25 नवंबर से होंगे ऑनलाइन आवेदन, अप्रैल 2027 में लिखित परीक्षा
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने सीधी भर्ती के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही समूह ‘ग’ के रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1694 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें उत्तराखंड पुलिस, पीएसी, आईआरबी, अग्निशमन विभाग, वन विभाग, कारागार प्रशासन, सचिवालय और आबकारी विभाग सहित विभिन्न विभागों के पद शामिल हैं
आयोग की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर 28 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक दिया जाएगा। वहीं, लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 4 अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है।
पुलिस विभाग में सबसे अधिक पद
इस भर्ती में उत्तराखंड पुलिस के अंतर्गत जनपदीय पुलिस आरक्षी (पुरुष) के 464 पद और जनपदीय पुलिस आरक्षी (महिला) के 238 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी/आईआरबी में पुरुष आरक्षियों के 284 पदों पर भर्ती होगी। अग्निशामक (फायरमैन) के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए 201 पद रखे गए हैं।
वन विभाग में वन आरक्षी के 171 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 और महिला बंदीरक्षक के 27 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा सचिवालय प्रशासन में सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षी के 18 पदों पर भर्ती की जाएगी।
किस विभाग में कितने पदों पर होगी भर्ती?
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार पदों का विवरण इस प्रकार है—
उत्तराखंड जनपदीय पुलिस आरक्षी (पुरुष) – 464 पद
उत्तराखंड आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) – 284 पद
उत्तराखंड जनपदीय पुलिस आरक्षी (महिला) – 238 पद
फायरमैन (पुरुष/महिला) – 201 पद
वन आरक्षी – 171 पद
स्पेशल टाइगर गार्ड – 75 पद
बंदीरक्षक – 117 पद
महिला बंदीरक्षक – 27 पद
सचिवालय रक्षक – 54 पद
आबकारी सिपाही – 45 पद
परिवहन आरक्षी – 18 पद
इस प्रकार कुल 1694 पदों पर भर्ती की जाएगी
वेतनमान 21,700 से 69,100 रुपये
आयोग के विज्ञापन में सभी पदों के लिए वेतनमान 21,700 से 69,100 रुपये प्रतिमाह (लेवल-03) निर्धारित किया गया है। भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन के दौरान इन दस्तावेजों का रखें ध्यान
आयोग ने अभ्यर्थियों के नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल प्रमाण-पत्र अपलोड करना अनिवार्य किया है। इसके साथ ही आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति भी अपलोड करनी होगी। आरक्षण से संबंधित श्रेणी/उपश्रेणी के प्रमाण-पत्र और पर्वतीय क्षेत्र का प्रमाण-पत्र भी निर्धारित निर्देशों के अनुसार अपलोड करना अनिवार्य होगा।
कब से कब तक होंगे आवेदन?
विज्ञापन जारी होने की तिथि: 17 नवंबर 2026
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 25 नवंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 25 दिसंबर 2026
आवेदन में संशोधन: 28 से 30 दिसंबर 2026
लिखित परीक्षा की संभावित तिथि: 4 अप्रैल 2027
प्रदेश में लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए 1694 पदों पर यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर भर्ती से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता और अन्य शर्तों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


