
हल्दूचौड़। हल्दूचौड़ चौराहे पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने सामान लेकर जा रहे रिक्शा चालक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नन्हे लालकुआं के एक थोक व्यापारी की दुकान से सामान लेकर हल्दूचौड़ स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान हल्दूचौड़ चौराहे पर कट के सामने हल्द्वानी की ओर से आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की तेज रफ्तार कार ने उसके रिक्शे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और नन्हे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को मौके पर पकड़ लिया और कार को लालकुआं कोतवाली लाया जा चुका है और पुलिस कार चालक से पूछताछ कर रही है


