
रुद्रपुर न्यूज- जिला अस्पताल में दिनदहाड़े मोबाइल दुकान मालिक नितेश जौहरी की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित समेत उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, वारदात में शामिल छह अन्य आरोपित अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपितों की तलाश में ऊधम सिंह नगर से लेकर उत्तर प्रदेश तक पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी छापेमारी कर रही है।
मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपित गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने आकाश कुमार, अमन कुमार, विकास कुमार, अमन प्रजापति, मनोज और भोला समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने देर रात मुख्य आरोपित विकास कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके पिता विनोद कुमार और भाई आकाश कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
छह फरार आरोपितों की तलाश में यूपी तक दबिश
तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस का पूरा फोकस फरार आरोपितों को पकड़ने पर है। उनकी तलाश में ऊधम सिंह नगर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश में भी पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इसके अलावा कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार आरोपितों के ठिकानों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि फरार हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा


