
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंची तो सामने आया मामला, परिवार पर लोकलाज का दबाव होने की बात, पुलिस ने शुरू की जांच!
पिथौरागढ़। जिस रिश्ते को परिवार में सुरक्षा और भरोसे का माना जाता है, उसी रिश्ते पर एक नाबालिग दिव्यांग किशोरी के साथ हुई कथित ज्यादती ने सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के एक गांव से सामने आए इस मामले में 16 वर्षीय किशोरी के उसके ही रिश्ते के ताऊ पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। किशोरी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच में उसके करीब तीन माह की गर्भावस्था की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
बताया गया कि गुरुवार को तबीयत खराब होने पर परिजन किशोरी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों की जांच के दौरान गर्भावस्था की जानकारी सामने आई। अस्पताल प्रबंधन ने नियमानुसार इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई बबीता टम्टा के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
भरोसे के रिश्ते पर गंभीर सवाल!
पुलिस की शुरुआती जांच में किशोरी ने अपने रिश्ते के ताऊ पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, परिवार के कुछ लोगों को घटना की जानकारी पहले से होने की बात भी सामने आई है। हालांकि लोकलाज के कारण मामला दबाए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बीमार किशोरी का अस्पताल में इलाज!
किशोरी की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल ठीक नहीं बताई जा रही है। उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। बताया गया है कि वह सामान्य रूप से बातचीत भी नहीं कर पाती और उसे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती हैं। ऐसे में पुलिस उसकी स्थिति में सुधार होने का इंतजार कर रही है, ताकि उसके बयान के आधार पर मामले की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी गई है


