
हल्द्वानी – भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में 26 सितंबर 2026 को रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के दौरान भूस्खलन और चट्टानों के गिरने की आशंका भी जताई है। मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
नैनीताल के जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर, शनिवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।


