हरिद्वार: सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 13 जून से 15 जून तक तीन दिवसीय विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को जाम से राहत देना, सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखना है।
Haridwar 13 June to 15 June traffic plan
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, भीड़ बढ़ने की स्थिति में विभिन्न मार्गों पर चरणबद्ध ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। साथ ही भारी वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित अवधि तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि 13 जून को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक तथा 14 जून को सुबह 6 बजे से सोमवती अमावस्या स्नान पर्व समाप्त होने तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 15 जून को तड़के 3 बजे से दिल्ली-मेरठ मार्ग से आने वाले सभी बड़े वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। देहरादून की ओर से आने वाले भारी वाहनों को लालजीवाला पार्किंग तथा नजीबाबाद की दिशा से आने वाली बसों और ट्रैक्टरों को नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग में रोका जाएगा।
दिल्ली, मेरठ और पंजाब से आने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक मार्ग से हरिद्वार में प्रवेश दिया जाएगा। इन वाहनों के लिए प्रशासन ने अलकनंदा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, पंतदीप पार्किंग और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। यदि यातायात दबाव बढ़ता है, तो वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर, गाजीपुर, एसएम तिराहा और सत्तीचौक के रास्ते बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
मुरादाबाद और नजीबाबाद की दिशा से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक मार्ग से हरिद्वार पहुंचेंगे। वहीं बड़े वाहनों को सीधे शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इनके लिए नीलधारा-गोरीशंकर क्षेत्र में विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है ताकि शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
देहरादून-ऋषिकेश रूट प्लान
इन वाहनों के लिए लालजीवाला पार्किंग, पंतदीप पार्किंग और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। चारधाम यात्रा से लौटकर दिल्ली और मेरठ जाने वाले वाहन देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला, चंडी चौक और एनएच-344 मार्ग का उपयोग करेंगे।
भीड़ बढ़ने पर चीला मार्ग केवल निकासी के लिए इस्तेमाल होगा
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षा से अधिक बढ़ती है, तो चीला मार्ग का उपयोग केवल शहर से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक की ओर यातायात संचालित होगा।
टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा
आवश्यकता पड़ने पर देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
Auto और Vikram चालकों के लिए ट्रैफिक नियम
सोमवती अमावस्या के दौरान ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में ऑटो और विक्रम वाहनों के संचालन में भी बदलाव किया जाएगा।
नई व्यवस्था के प्रमुख बिंदु:
देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला से आने वाले ऑटो और विक्रम केवल जयराम मोड़ तक संचालित होंगे।
ज्वालापुर क्षेत्र से आने वाले वाहन रानीपुर मोड़, देवपुरा चौक और शिवमूर्ति तिराहा होते हुए कनखल की ओर जाएंगे।
बीएचईएल क्षेत्र से आने वाले वाहन भगत सिंह चौक और तिब्बड़ी फाटक मार्ग से रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डे तक पहुंचेंगे।
ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तिराहे तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करने से यात्रा सुगम होगी और अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा। सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना सभी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक है।


