
देहरादून न्यूज- उत्तराखंड की राजधानी में शनिवार देर रात रफ्तार का खतरनाक खेल देखने को मिला। डोईवाला क्षेत्र के लाल तप्पड़ चौकी के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार लग्जरी BMW कार ने चेक पोस्ट पर तैनात दो पुलिस अधिकारियों को टक्कर मार दी। हादसे में सब-इंस्पेक्टर और एडिशनल सब-इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात डोईवाला के लाल तप्पड़ चौकी पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर रघुवीर कपरवान और एडिशनल सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ड्यूटी पर तैनात थे।
इसी बीच एक तेज रफ्तार BMW कार वहां पहुंची। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन की गति कम करने के बजाय बैरियर पर ही कार चढ़ा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बैरियर की चपेट में आकर दोनों अधिकारी सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। घायल एसआई और एएसआई को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों अधिकारियों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और उपचार जारी है।
कई वाहनों को भी मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, BMW कार ने मौके पर खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद चालक बैरियर तोड़ते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
डोईवाला पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वाहन की पहचान कर ली गई है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है


