गौला समेत अन्य नदियों की रॉयल्टी की जांच करने वाली कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों में जबरदस्त विवाद, उपश्रमायुक्त हल्द्वानी ने अपनाया सख्त रवैया,

खबर शेयर करें -

लालकुआं। नदियों से निकलने वाली खनन सामग्री में रॉयल्टी की जांच करने वाली कंपनी कैलाश रिवर के कर्मियों ने प्रबंधन पर भारी उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बबाल कर दिया, पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद जब विवाद समाप्त नहीं हुआ तो उपश्रमायुक्त कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया, इस दौरान उप श्रमायुक्त ने कंपनी प्रबंधन की लताड़ लगाते हुए उनसे श्रम कानून के तहत श्रमिकों से काम कराने के सख्त निर्देश दिए। वार्ता के पश्चात श्रमिकों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह रॉयल्टी चेक करने वाली कंपनी कैलाश रिवर के कर्मचारियो का बेरीपड़ाव कैंप कार्यालय में कंपनी के फील्ड ऑफिसर से विवाद हो गया, यहां तक कि मारपीट भी हो गई। श्रमिकों का कहना था कि कंपनी प्रबंधन द्वारा उनसे मानक से अत्यधिक अधिक काम लिया जा रहा है, यहां तक कि उन्हें रविवार की भी छुट्टी नहीं दी जा रही है, जिसके चलते वह अत्यधिक परेशान है। कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। श्रमिकों द्वारा हल्दूचौड़ पुलिस को मौके पर बुलाया गया, चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया परंतु श्रमिकों का स्पष्ट कहना था कि जब तक उनकी जायज मांगे नहीं मान ली जाती तब तक वह काम पर नहीं जाएंगे। पुलिस से जब समझौता नहीं हुआ तो श्रमिकों ने उपश्रमायुक्त कार्यालय हल्द्वानी जाने का निर्णय लिया तथा वह हल्द्वानी स्थित उपश्रमायुक्त कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने उपश्रमायुक्त कमल नयन जोशी से शिकायत की, जिसके बाद उपश्रमायुक्त ने कैलाश रिवर के प्रबंधन को कार्यालय में बुलाया तथा दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद उपश्रमायुक्त ने जहां श्रमिकों को शांतिपूर्वक नियमों के तहत काम करने के निर्देश दिए। वहीं कंपनी प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि वह कानून के दायरे में श्रमिकों से काम ले, तथा उन्हें सप्ताह में एक दिन हर हाल में छुट्टी भी दें। उपश्रमायुक्त के सख्त निर्देश के बाद श्रमिकों ने काम पर लौटने का निर्णय ले लिया। तथा दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। उपश्रमायुक्त कमल नयन जोशी ने बताया कि श्रमिकों की शिकायत पर कैलाश रिवर कंपनी के प्रबंधन को बुलाकर उनकी बातचीत कराई गई, तथा दोनों पक्षों को निर्देश देकर नियम कानून की जानकारी दी गई। जिसके बाद दोनों पक्षों का समझौता हो गया है। इधर चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि प्रातः दोनों पक्षों के विवाद के बाद वह मौके पर पहुंचे थे, उन्होंने दोनों दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, परंतु श्रमिकों ने उपश्रमायुक्त कार्यालय जाने का मन बना लिया था, उन्होंने कहा कि अब दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। यदि पुनः शांति व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति आई तो पुलिस आवश्यक कार्रवाई अमल में लायेगी

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999