पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत, चालक गंभीर घायल

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़। जनपद के सातशिलिंग–थल सड़क मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुवालेख के पास रिण क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीआईसी रोड पिथौरागढ़ निवासी संजू (28), पंडा निवासी संजय कुमार (30) और बीसाबजेड़ निवासी हयात खड़ायत (32) शुक्रवार को कार से मुवानी घूमने गए थे। देर रात घर लौटते समय सुवालेख के समीप वाहन असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड -यहां बेकाबू हुई अफसर की कार ने लोगों को कुचला, महिला समेत दो बच्चियों की मौत

देर रात तक तीनों के घर न लौटने और संपर्क न होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शनिवार तड़के सर्च ऑपरेशन चलाया। खाई में उतरकर देखने पर संजय कुमार और हयात खड़ायत की मौत की पुष्टि हुई, जबकि चालक संजू गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।

यह भी पढ़ें -  बर्फ की सफेद चादर से ढका औली, उमड़ रहा पर्यटकों का सैलाब, GMVN की बुकिंग फुल

घायल संजू को पुलिस और राहत दल की मदद से खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999