UKnews-गोमती नदी में स्कूटी समेत गिरने से जिला अस्पताल के कनिष्ठ सहायक की मौत -फरवरी में होनी थी शादी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। सेंट जोसेफ स्कूल के समीप गोमती नदी में स्कूटी समेत गिरने से जिला अस्पताल में तैनात कनिष्ठ सहायक मोहित मेहरा (27) की मौत हो गई। फायर सर्विस, कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें नदी से बाहर निकाला। जिला अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मोहित की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी शादी आगामी फरवरी में होनी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से रानीखेत के एराड़ क्षेत्र निवासी मोहित मेहरा पुत्र मोहन सिंह मेहरा बागेश्वर जिला अस्पताल में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत थे। वह अडोली में किराये के मकान में रहते थे। मंगलवार को वह नदी गांव में स्कूटी धुलवाने गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनकी फोन पर एक दोस्त से बातचीत हो रही थी। इसके बाद जब दोस्त का मोहित से संपर्क नहीं हो पाया तो उसने कई बार फोन मिलाया, लेकिन फोन बंद मिला। इस पर दोस्त ने अनहोनी की आशंका जताई और उनकी तलाश शुरू की गई।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल – शादी के 20 दिन पहले युवती प्रेमी संग फरार, धरी रह गई धूमधाम से विवाह की तैयारियां, खोजबीन में जुटी पुलिस

इसी बीच स्थानीय लोगों ने सेंट जोसेफ स्कूल के समीप गोमती नदी में स्कूटी गिरने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस, कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव में तलाश के दौरान स्कूटी संख्या यूके-02-9058 पानी में डूबी मिली। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद रस्सों की मदद से स्कूटी को बाहर निकाला। इसके बाद गहरे पानी में कांटों की सहायता से मोहित की तलाश जारी रखी गई। लगातार प्रयासों के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला गया और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -  CS ने की जलवायु परिवर्तन योजना की समीक्षा, जैविक खेती को बढ़ावा देने के दिए निर्देश

पिता के स्थान पर मिली थी नौकरी

मोहित मेहरा को वर्ष 2020 में अपने पिता के स्थान पर नौकरी मिली थी। वह करीब छह वर्षों से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। परिवार में उनकी मां बसंती देवी और भाई करन मेहरा हैं। बताया जा रहा है कि मोहित की शादी आगामी फरवरी में होनी तय थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Advertisement

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -

👉 हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ेसबुक पेज लाइक/फॉलो करें

👉 विज्ञापन के लिए संपर्क करें -

👉 +91 94109 39999